नीमच। नीमच जिले के छोटे से गांव बेलारी के एक गरीब परिवार में जन्मे रतन मालावत ने संघर्ष और मेहनत के दम पर राजनीति में अपनी पहचान बनाई है। गांव के सरपंच से लेकर नीमच जिला अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष, भील समाज के जिला अध्यक्ष और जनपद सदस्य जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके रतन मालावत को अब भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
मालावत अब राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार-प्रसार करेंगे। जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद अशोक रेते ने मालावत के निरंतर जनसंपर्क और जनहित से जुड़े कार्यों को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी दी है।
बेलारी गांव से अपना राजनीतिक सफर शुरू करने वाले रतन मालावत ने विभिन्न पदों पर रहते हुए संगठन और समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभाई है। अब राजस्थान में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी मिलने के बाद वे राशमी क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क करेंगे।
मालावत को मिली इस जिम्मेदारी से उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि राजस्थान के पंचायत चुनाव में वे भाजपा प्रत्याशियों के प्रचार अभियान में किस तरह अपनी भूमिका निभाते हैं।