मनासा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की मनासा इकाई एवं राष्ट्रीय कला मंच के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय रामचंद्र विश्वनाथ महाविद्यालय, मनासा में एक दिवसीय गरबा महोत्सव का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गरबा एवं डांडिया की आकर्षक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य अनिल जैन, प्राध्यापक स्मिता रावत, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर अध्यक्ष सुलेख बाहेती, नगर मंत्री सुजल यादव एवं राष्ट्रीय कला मंच के नगर प्रमुख नीलेश पुरोहित ने किया।
गरबा महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने पारंपरिक गरबा और डांडिया प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं लोकपरंपराओं की मनमोहक झलक पेश की। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने आयोजन को आकर्षक बना दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और उमंग देखने को मिली।
महोत्सव का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, लोककला और पारंपरिक उत्सवों से जोड़ना तथा उनकी कलात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता का अवसर मिला।
कार्यक्रम का सफल संचालन भूमिका तवर एवं अनन्या पांडे ने किया। समापन अवसर पर अभाविप के नगर मंत्री सुजल यादव ने उपस्थित अतिथियों, महाविद्यालय प्रबंधन और सहभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।