चित्तौड़गढ़। भूपालसागर थाना पुलिस ने दिनदहाड़े चोरी की चार वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में जाशमा, पुरोहितों का सांवता और सिंहपुर क्षेत्र में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातें करना कबूल किया है।
पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव और जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव के निर्देशन में चोरी, लूट, डकैती एवं नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी कपासन हरीश भारती के निर्देशन में भूपालसागर थानाधिकारी रणजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
जाशमा में चोरी की रिपोर्ट के बाद शुरू हुई जांच-
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को जाशमा निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह परिवार सहित शाम करीब 3रू30 बजे घर से बाहर गया था। रात करीब 8 बजे घर लौटने पर कमरे में रखी लकड़ी की अलमारी खुली मिली। जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब एक लाख रुपये नकद गायब मिले। अज्ञात व्यक्ति दिन के समय घर में घुसकर सामान चोरी कर ले गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी रणजीत सिंह ने टीम गठित की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्रों तथा मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई।
प्रोडक्शन वारंट पर लाकर किया गिरफ्तार-
पुलिस ने बताया कि प्रकरण संख्या 104/2026 में वांछित आरोपी छगनलाल पुत्र उदयराम, उम्र 27 वर्ष, निवासी कांकरवा, थाना भूपालसागर को कपासन उपकारागृह से प्रोडक्शन वारंट पर प्राप्त कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने जाशमा में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3) और 305(ए) के तहत कार्रवाई की गई है।
तीन अन्य वारदातें भी कबूलने का दावा-
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने तीन अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल होना स्वीकार किया। इनमें पुरोहितों का सांवता और सिंहपुर में सूने मकानों को निशाना बनाने की घटनाएं शामिल हैं। आरोपी ने कथित तौर पर मकानों के पीछे से प्रवेश करने, छत के रास्ते अंदर जाने तथा कमरों और अलमारियों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने की बात बताई।
पुलिस के अनुसार, इनमें से दो वारदातें जुलाई माह में और एक वारदात वर्ष 2025 में सिंहपुर क्षेत्र में की गई थी। इन घटनाओं के संबंध में पुलिस आगे की जांच और चोरी गए सामान की बरामदगी की कार्रवाई कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका-
कार्रवाई में भूपालसागर थानाधिकारी रणजीत सिंह, सहायक उपनिरीक्षक तेजमल, कांस्टेबल अनिल, राजमल, बद्रीलाल, रोशनलाल, राधेश्याम, हरदयाल और रामावतार सहित चोरी निरोधक टीम के कांस्टेबल दुर्गेश एवं पुरखाराम की भूमिका रही।