खरगोन। खरगोन जिले की ऊन थाना पुलिस ने मोबाइल टावरों से केबल वायर काटकर चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 मीटर केबल वायर, जिसकी कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है, और वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त मोटरसाइकिलों की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बरूड थाना क्षेत्र में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से पकड़ाए आरोपी
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को कोठा बुजुर्ग निवासी रूपेश पिता राजाराम कुमरावत ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 अक्टूबर को मोबाइल टावर से केबल वायर चोरी हुई है। शिकायत पर ऊन थाने में अपराध क्रमांक 305/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में प्रकरण दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसके बाद मिली सूचना के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में कई जगह चोरी करने की बात कबूली
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने ग्राम नंदगांव रोड स्थित इंडस टावर से कटर की मदद से केबल वायर काटकर चोरी करना स्वीकार किया है। इसके अलावा आरोपियों ने सिनखेड़ा, रोमचिचली और देवली सहित अन्य गांवों में भी केबल चोरी की वारदातों में शामिल होना कबूल किया है। पुलिस इन घटनाओं के संबंध में आगे जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
ललित पिता सीताराम कुमरावत, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्रिड के सामने, बरूड।
विजय उर्फ रिंजडा पिता बारका डूडवे, उम्र 24 वर्ष, निवासी खापरखेड़ा चाचरिया, हाल मुकाम ग्रिड के पास, बरूड।
राजेश पिता प्रेमसिंह अछाले, उम्र 23 वर्ष, निवासी पाडछा सेंधवा, हाल निवासी दुर्गा कॉलोनी, बरूड।
रमेश उर्फ रेमसिया पिता गेंद्राम उर्फ गंदालाल बडोले, उम्र 26 वर्ष, निवासी गुजरबावड़ी, थाना भगवानपुरा।
पुलिस ने आरोपियों से चोरी की केबल और वारदात में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। यह कार्रवाई एसडीओपी खरगोन सौरभ तोमर के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी ऊन दिनेश सिंह सोलंकी के नेतृत्व में की गई।