चित्तौड़गढ़। बस्सी थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत का टाटा ट्रेलर मय ट्रोला बरामद कर जब्त किया है। आरोपी पर परिवादी के वाहन को खुर्द-बुर्द कर उसे आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 29 जुलाई 2026 को बस्सी के इंद्रा मार्केट निवासी रतनलाल खटीक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसने कन्हैयालाल उर्फ काना, निवासी इंद्रा मार्केट, बस्सी को अपने टाटा ट्रेलर पर चालक नियुक्त किया था। कुछ समय बाद चालक ने वाहन का हिसाब नहीं दिया और न ही गाड़ी दिखाई। वाहन के बारे में पूछने पर वह टालमटोल करने लगा। परिवादी ने आरोप लगाया कि चालक ने बदनीयती से वाहन खुर्द-बुर्द कर उसे करीब 30 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया।
रिपोर्ट के आधार पर बस्सी थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी ग्रामीण दिनेश सुखवाल के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी प्रेमसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी कन्हैयालाल उर्फ काना को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर करीब 30 लाख रुपये कीमत का टाटा ट्रेलर मय ट्रोला बरामद कर जब्ती की कार्रवाई की गई। पुलिस आरोपी से मामले में पूछताछ और आगे का अनुसंधान कर रही है।
पुलिस टीम- थानाधिकारी प्रेमसिंह, एएसआई भैरूलाल, कांस्टेबल अनिल कुमार और लादूलाल।