नीमच। शारदीय नवरात्रि की अष्टमी पर मां महामाया भादवामाता के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। नीमच सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु नंगे पांव पैदल यात्रा कर माता के दर्शन के लिए रवाना हुए। महिला, पुरुष, युवा, बुजुर्ग और बच्चों की इस यात्रा के दौरान जगह-जगह भंडारे और सेवा शिविर लगाए गए। खास बात यह रही कि श्रद्धालुओं की सेवा में भाजपा और कांग्रेस, दोनों दलों के नेता और कार्यकर्ता भी सक्रिय नजर आए।
कहीं पूरी-सब्जी, तो कहीं आलू फिंगर्स से स्वागत-
नवरात्रि के इस पावन अवसर पर नीमच से माता के दरबार तक सेवा और श्रद्धा का माहौल दिखाई दिया। भाजपा की ओर से राकेश ‘पप्पू’ जैन और अन्नपूर्णा सेवा न्यास के नेतृत्व में पूरी-सब्जी का स्टॉल लगाया गया, जहां पैदल यात्रियों को भोजन वितरित किया गया।
वहीं, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी सेवा शिविर लगाया। यहां श्रद्धालुओं को आलू फिंगर्स वितरित कर उनका स्वागत किया गया। दोनों दलों के नेता और कार्यकर्ता अपने-अपने स्तर पर भक्तों की सेवा करते दिखाई दिए।
भक्ति के साथ राजनीतिक दलों की मौजूदगी भी चर्चा में-
नवरात्रि के धार्मिक आयोजन में भाजपा और कांग्रेस की सक्रिय भागीदारी चर्चा का विषय रही। एक ओर जहां श्रद्धालु माता के दर्शन और मनोकामनाओं के लिए पैदल यात्रा कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भोजन और जलपान के माध्यम से उनकी सेवा में जुटे थे।
इस पहल को राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के रूप में देखा जाए या धार्मिक आस्था और जनसेवा के रूप में, यह अलग विषय है। हालांकि, दोनों प्रमुख दलों की ओर से लगाए गए सेवा शिविरों ने आयोजन में एक अलग पहलू जोड़ दिया।
श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे सेवाभावी लोग-
माता के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं की यात्रा जारी रही। रास्ते में लगाए गए भंडारों और सेवा शिविरों से पैदल यात्रियों को राहत मिली। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर भोजन और प्रसाद वितरण के माध्यम से सेवाभावी लोगों ने श्रद्धालुओं की सेवा की।