नीमच। शहर के ग्वालटोली क्षेत्र में मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित आकाश गाड़ी लोहार ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने आकाश और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान उसकी बहन के साथ बेल्ट से मारपीट की गई, जिससे वह बेहोश हो गई। वहीं, चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि नीमच सिटी थाने में शिकायत देने के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। परिवार के अनुसार, दिन में सुरक्षा की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन उसी शाम दोबारा हमले की घटना सामने आ गई। आरोप है कि हमलावरों ने लठ्ठ और चाकू से हमला कर परिवार के सदस्यों को घायल कर दिया। घटना में घायल लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
शिकायत के बाद दोबारा हमले के आरोप से उठे सवाल-
इस घटनाक्रम के बाद पुलिस की कार्रवाई और पीड़ित परिवार की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। फिलहाल नीमच सिटी पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस जांच, उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।