चित्तौड़गढ़। पारसोली थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) चित्तौड़गढ़ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान एक बिना नंबर की महिंद्रा एक्सयूवी 300 कार से 66.76 ग्राम अवैध अफीम और 3 लाख 40 हजार रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने कार जब्त कर आरोपी भैरूलाल जाट (41) को गिरफ्तार किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
नाकाबंदी के दौरान पकड़ी कार-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम और तस्करी में लिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा गोपाल सिंह कानावत और पुलिस उप अधीक्षक बेगूं अंकित कुड़ी के निर्देशानुसार बुधवार को पारसोली थानाधिकारी आशुतोष सिंह पुलिस जाप्ते और डीएसटी टीम के साथ सीएचसी पारसोली के सामने नाकाबंदी कर रहे थे।
इस दौरान एक बिना नंबर की महिंद्रा एक्सयूवी 300 कार आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया तो उसने नाकाबंदी स्थल से पहले ही कार रोक दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चालक को कार में बैठे रहने की हिदायत दी और नियमानुसार कार व चालक की तलाशी ली।
डैशबोर्ड में मिली अफीम और नकदी-
तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड में रखी एक पॉलीथिन की थैली से 66.76 ग्राम अवैध अफीम और 3 लाख 40 हजार रुपये नकद मिले। पुलिस के अनुसार, चालक से अफीम और नकदी के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने अफीम, नकदी और घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया तथा आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया।
भीलवाड़ा जिले का निवासी है आरोपी-
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भैरूलाल पिता रामकुंवार जाट, उम्र 41 वर्ष, निवासी नया गांव गोवटा, थाना बिगोद, जिला भीलवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस मामले में अफीम और नकदी के स्रोत सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। प्रकरण का अग्रिम अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल-
कार्रवाई में पारसोली थानाधिकारी आशुतोष सिंह, कांस्टेबल रमेश, दिनेश और सज्जन सहित डीएसटी प्रभारी हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार व उनकी टीम शामिल रही।