चित्तौड़गढ़। जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के उद्देश्य से चित्तौड़गढ़ जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी, मारपीट, बलवा, आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट जैसे मामलों में संलिप्त रहे चार व्यक्तियों की हिस्ट्रीशीट खोली है। इसके बाद संबंधित व्यक्तियों की गतिविधियों पर नियमानुसार सतत निगरानी रखी जाएगी।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में अपराधों पर नियंत्रण रखने, आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने और आमजन में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में चार आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है, ताकि उनकी गतिविधियों की निगरानी कर अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
इन चार व्यक्तियों की खोली गई हिस्ट्रीशीट
1. राजू पुत्र मोहनलाल माली: निवासी लसड़ावन, थाना सदर निंबाहेड़ा। पुलिस के अनुसार, इनके विरुद्ध विभिन्न अपराधों के कुल 10 प्रकरण दर्ज हैं।
2. मनीष कुमावत पुत्र पृथ्वीराज कुमावत: निवासी रानीखेड़ा, थाना सदर निंबाहेड़ा। इनके विरुद्ध मारपीट एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित कुल 10 प्रकरण दर्ज हैं।
3. राजेंद्र सिंह उर्फ राजू चारण पुत्र जगदीश चंद्र चारण: निवासी अरनिया जोशी, थाना सदर निंबाहेड़ा। इनके विरुद्ध मारपीट एवं बलवा से संबंधित कुल 7 प्रकरण दर्ज हैं।
4. नरेश पुत्र नंदलाल नाथ: निवासी निंबोदा, थाना पारसोली। इनके विरुद्ध चोरी, आर्म्स एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट से संबंधित कुल 14 प्रकरण दर्ज हैं।
अपराध नियंत्रण के लिए रहेगी सतत निगरानी
जिला पुलिस के अनुसार, आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने, उनके आपराधिक संपर्कों से संबंधित जानकारी संकलित करने तथा भविष्य में अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। हिस्ट्रीशीट खोले जाने के बाद संबंधित व्यक्तियों की गतिविधियों पर नियमानुसार नजर रखी जाएगी। किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।