मंदसौर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भानपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 250 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 25 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर भानपुरा थाना पुलिस ने गरोठ-भानपुरा आम रोड पर कार्रवाई की। इस दौरान लक्ष्मण सिंह (23) और गोविंद सिंह (22), निवासी बरड़िया बामनी, के कब्जे से 250 ग्राम एमडी ड्रग्स, 5 किलोग्राम डोडाचूरा, बिना नंबर की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए गए।
जांच के दौरान मादक पदार्थ उपलब्ध कराने के आरोप में महेंद्र सिंह (28), निवासी चांदखेड़ी-बोलिया, को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, महेंद्र सिंह को यह मादक पदार्थ ईश्वर सिंह, निवासी धामनिया, थाना सुवासरा, ने उपलब्ध कराया था। फरार आरोपी ईश्वर सिंह की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22 और 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जब्त सामग्री में 250 ग्राम एमडी ड्रग्स, 5 किलोग्राम डोडाचूरा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन शामिल हैं। मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल के नशा मुक्ति अभियान के तहत मंदसौर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामसनेही मिश्रा और एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन तथा भानपुरा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विनय बुंदेला के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने टीम के प्रयासों की सराहना की है।