नीमच। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा एक मामला सामने आया है। डोडाचूरा की खेप ले जा रही बताई जा रही एक पिकअप पुलिस की घेराबंदी और पीछा किए जाने के दौरान असंतुलित होकर पलट गई। घटना के बाद पिकअप में सवार लोगों ने मौके से भागने का प्रयास किया। वहीं, दो संदिग्धों को पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। मामला नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम रेवली-देवली के समीप का बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जीरन थाना क्षेत्र से डोडाचूरा से भरी पिकअप निकलने की सूचना मिलने पर हरकियाखाल पुलिस सहायता केंद्र की टीम सक्रिय हुई। पुलिस ने संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया। बताया जा रहा है कि पुलिस की घेराबंदी से बचने के प्रयास में पिकअप चालक ग्रामीण रास्तों से होते हुए रेवली-देवली की ओर निकल गया।
इसी दौरान पिकअप असंतुलित होकर सड़क पर पलट गई। वाहन में मादक पदार्थ की खेप होने की आशंका जताई जा रही है। पिकअप पलटने के बाद उसमें सवार लोगों ने मौके से भागने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलने पर नीमच सिटी थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।
सूत्रों के मुताबिक, जीरन पुलिस की टीम ने मौके से दो संदिग्धों को पकड़ा है। इनके पिपलिया नाथावत और बोरखेड़ी क्षेत्र से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान, पिकअप से बरामद मादक पदार्थ की वास्तविक मात्रा और कथित तस्करी नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने पलटी हुई पिकअप को सीधा करवाया और ट्रैक्टर की मदद से टोचन कर जीरन थाने पहुंचाया। फिलहाल, मामले में पुलिस की आधिकारिक जानकारी और आगे की जांच का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही मादक पदार्थ की मात्रा, आरोपियों की भूमिका और पूरे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।