नीमच। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नीमच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से 700 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये और तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 40 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा जीरन थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
नाकाबंदी तोड़कर भागे आरोपी, पीछा करने पर पलटा वाहन-
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र के सामने फोरलेन मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान नीमच की ओर से आ रही पिकअप क्रमांक MP-13-GA-9723 को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने वाहन की गति बढ़ाकर बैरिकेडिंग को टक्कर मारी और यू-टर्न लेकर भागने लगा।
पुलिस टीम ने पिकअप का पीछा किया। चालक जेतपुरा फंटे से मनासा रोड होते हुए दुलाखेड़ा मार्ग की ओर भागा। पुलिस के लगातार पीछा करने के दौरान ग्राम गिरदौड़ा और रेवली-देवली होते हुए पिपलिया नाथावत फंटे के पास तेज गति से मोड़ने के कारण पिकअप पलट गया। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया।
35 कट्टों में मिला 700 किलो डोडाचूरा-
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों की पहचान लालसिंह पिता भंवरसिंह राजपूत (38) और नरेन्द्रसिंह पिता भंवरसिंह राजपूत (40), निवासी ग्राम पिपलिया नाथावत, थाना नीमच सिटी, जिला नीमच के रूप में हुई है।
दुर्घटनाग्रस्त पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें काले रंग के कट्टे मिले। वाहन पलटने से कुछ कट्टे सड़क पर बिखर गए थे, जिन्हें पुलिस ने एकत्रित किया। तलाशी के दौरान कुल 35 कट्टों में भरा 700 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। प्रत्येक कट्टे में 20 किलोग्राम सामग्री थी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज-
पुलिस ने थाना जीरन में अपराध क्रमांक 280/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 29 में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत, तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और परिवहन नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई में जीरन थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में उप निरीक्षक रामसिंह सिंह सहित हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नीमच पुलिस ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।