चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गोकुल पुत्र भैरूलाल भील, निवासी गोपालपुरा, थाना विजयपुर, जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई है। वह भीलवाड़ा जिले के रायला थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में वांछित था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व भीलवाड़ा जिले के रायला थाना पुलिस ने प्रकरण क्रमांक 49/2025 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में मामला दर्ज किया था। इस प्रकरण में गोकुल भील फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी की तलाश के लिए डीएसटी की विशेष टीम गठित की गई थी। 24 अक्टूबर 2026 को एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि इनामी आरोपी अभयपुर घाटे के जंगल के रास्ते अपने गांव गोपालपुरा की ओर आने वाला है। सूचना की पुष्टि के बाद एएसआई सूरज कुमार टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए।
पुलिस को देखकर भागने का किया प्रयास-
पुलिस टीम ने अभयपुर क्षेत्र में तलाश करते हुए तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी को चिन्हित किया। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। कार्रवाई में एएसआई सूरज कुमार के साथ कांस्टेबल अरविंद, कृष्णकांत, अशोक, वीरेंद्र, मनोज और रमेशचंद्र शामिल रहे। साइबर सेल से एएसआई राजकुमार ने भी सहयोग किया।
आगे की कार्रवाई के लिए रायला पुलिस को सौंपा-
डीएसटी चित्तौड़गढ़ ने आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद संबंधित पुलिस के सुपुर्द किया। मामले की जानकारी भीलवाड़ा जिले की रायला थाना पुलिस को दे दी गई है। आरोपी के खिलाफ आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई रायला पुलिस द्वारा की जाएगी।