मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारायणगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.290 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, अल्प्राजोलम, ट्रामाडोल और टीपी डोल की गोलियां जब्त की हैं। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल और मल्हारगढ़ अनुविभागीय अधिकारी पी.एस. बघेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार पवार के नेतृत्व में 25 अक्टूबर 2026 को सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल डामोर वाहन चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान नारायणगढ़-पिपलिया मंडी रोड पर सगस बावजी मंदिर के पास बरखेड़ा वीरपुरिया फंटे पर एक मोटरसाइकिल की जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल टीवीएस स्पोर्ट्स क्रमांक MP 44 ZB 2375 पर सवार आरोपी ताहिद पिता नबी नूर मोहम्मद (40), निवासी रामद्वारा गली, जावद, जिला नीमच के कब्जे से मादक पदार्थ और गोलियां बरामद हुईं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.290 किलोग्राम पिसा हुआ डोडाचूरा, अल्प्राजोलम टेबलेट की 1200 स्ट्रिप, ट्रामाडोल टेबलेट की 20 स्ट्रिप और टीपी डोल टेबलेट की 75 स्ट्रिप जब्त कीं। इसके साथ ही टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल और रियलमी नार्जाे कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
कार्रवाई के बाद आरोपी के विरुद्ध थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 342/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 और 8/22 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से जब्त मादक पदार्थों और गोलियों के स्रोत के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत-
पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री में 5.290 किलोग्राम डोडाचूरा की कीमत 10,580 रुपये, अल्प्राजोलम टेबलेट की 1200 स्ट्रिप की कीमत 1 लाख रुपये, ट्रामाडोल टेबलेट की 20 स्ट्रिप की कीमत 6 हजार रुपये और टीपी डोल टेबलेट की 75 स्ट्रिप की कीमत 15 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा मोटरसाइकिल की कीमत 50 हजार रुपये और मोबाइल फोन की कीमत 10 हजार रुपये आंकी गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नारायणगढ़ सहित पुलिस टीम की भूमिका रही। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।