नीमच। जिले के ग्राम सगराना में पुरानी रंजिश और पुनर्विवाह को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पूर्व पति और उसके साथियों पर लाठी, कुल्हाड़ी और पत्थरों से लैस होकर उसके वर्तमान पति तथा ससुराल पक्ष के लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, हमले में महिला के पति और ससुर को गंभीर चोटें आईं, जबकि सास का हाथ टूट गया। पीड़िता ने जिला पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पीड़िता दिलखुशबाई, निवासी ग्राम सगराना, तहसील नीमच, के अनुसार घटना 12 अक्टूबर 2026 की रात करीब 7रू30 बजे की है। उसने शिकायत में बताया कि लगभग चार-पांच महीने पहले उसने जितेंद्र सिंह राजपूत से विवाह किया था। इसके बाद दोनों गांव से बाहर रह रहे थे। पीड़िता का आरोप है कि गांव लौटने पर पुरानी रंजिश के चलते उसके पूर्व पति श्याम सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।
घर पहुंचकर मारपीट करने का आरोप-
शिकायत के मुताबिक, नरभेसिंह, भोपालसिंह, श्याम सिंह, मंजूबाई और संतोष बाई एकराय होकर कथित तौर पर हथियारों के साथ पीड़िता के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए घर के बाहर खड़े उसके ससुर पद्मसिंह, पति जितेंद्र सिंह और सास निहालबाई के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि भोपाल सिंह ने कुल्हाड़ी और लकड़ी से उसके ससुर के सिर पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। वहीं, नरभेसिंह ने लाठी से उसके पति जितेंद्र सिंह के सिर पर हमला किया। शिकायत में श्याम सिंह और अन्य आरोपियों पर सास तथा देवर के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। घटना में सास निहालबाई का हाथ टूटने की बात भी कही गई है।
पति के सिर के दो ऑपरेशन, ससुर भी रेफर-
पीड़िता के अनुसार, पति जितेंद्र सिंह और ससुर पद्मसिंह के सिर में गंभीर चोटें आने के कारण उन्हें उदयपुर रेफर किया गया। शिकायत में बताया गया है कि जितेंद्र सिंह के सिर के दो ऑपरेशन हुए। घायलों का उपचार कराया गया।
जान से मारने की धमकी और वाहनों में तोड़फोड़ का आरोप-
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने परिवार को गांव में रहने पर जान से मारने की धमकी दी। साथ ही, घर के बाहर खड़ी रिश्तेदारों की कार और मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ की तथा मकान पर पथराव भी किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि मौके पर पहुंची डायल 100 पुलिस सेवा और एम्बुलेंस को आरोपियों ने वहां से जाने के लिए मजबूर कर दिया। बाद में पुलिस की मदद से घायलों को नीमच अस्पताल पहुंचाया गया।
एसपी से कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग-
पीड़िता दिलखुशबाई ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, उसने अपने परिवार के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। मामले में पुलिस जांच की बात कही गई है।