इंदौर। चोरों के हौसले बुलंद हैं। कनाड़िया थाना क्षेत्र के उपड़ी नाथा गांव में हथियारबंद पांच बदमाशों ने देर रात जमकर आतंक मचाया। बदमाशों ने गांव के चार मकानों को निशाना बनाते हुए उनके ताले तोड़ दिए। इस दौरान एक मकान से हजारों रुपए नगदी और जेवरात चोरी कर फरार हो गए। पूरी वारदात गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
दरअसल सीसीटीवी फुटेज में पांच बदमाश रात करीब 2 बजे हाथों में टॉर्च लेकर गांव की गलियों में घूमते नजर आ रहे हैं। बदमाश पहले खाली मकानों की रेकी करते हैं और फिर मौका देखकर घरों के ताले तोड़कर अंदर दाखिल होते हैं। चार मकानों में चोरी का प्रयास किया गया, जबकि एक मकान से नगदी और जेवरात लेकर बदमाश फरार हो गए। सभी पांचों बदमाशों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।