नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के बिसलवास बामनिया गांव में दिनदहाड़े हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। मामले में एक पक्ष ने महावीर नागदा उर्फ फतेहलाल नागदा पर पिस्टल दिखाकर धमकाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी मारपीट और घर की रेकी किए जाने के आरोप लगाए हैं। दोनों पक्षों ने नीमच सिटी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
शादी समारोह में जाते समय रास्ता रोकने का आरोप-
बिसलवास बामनिया निवासी दीपक नागदा के अनुसार, वह एक परिचित के शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान महावीर नागदा उर्फ फतेहलाल नागदा स्कॉर्पियो लेकर पहुंचा और उसका रास्ता रोक लिया। दीपक का आरोप है कि फतेहलाल ने उसके साथ गाली-गलौज की और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे रात में घर से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी दी गई। दीपक ने फतेहलाल पर तस्करी में लिप्त होने का आरोप भी लगाया है, जिसकी पुलिस स्तर पर पुष्टि होना बाकी है।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए मारपीट और रेकी के आरोप-
वहीं, महावीर नागदा के छोटे भाई रंजीत नागदा ने अलग पक्ष रखते हुए आरोप लगाया कि शादी समारोह में जाते समय गिरदौड़ा वेयरहाउस के पास दीपक नागदा ने अपने साथियों के साथ उनके बड़े भाई को रोककर मारपीट की। रंजीत का यह भी दावा है कि दीपक उनके परिवार पर नजर रखता है और रात के समय घर की रेकी करता है। उसने बताया कि रात करीब एक बजे तक की गतिविधियां घर पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं।
पुलिस जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई-
फिलहाल दोनों पक्षों के आरोप एक-दूसरे से अलग हैं। एक पक्ष पिस्टल दिखाकर धमकाने का आरोप लगा रहा है, जबकि दूसरा पक्ष मारपीट और घर की रेकी किए जाने की बात कह रहा है। दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद अब मामले में पुलिस जांच महत्वपूर्ण है। आरोपों की पुष्टि और घटनाक्रम की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।