शाजापुर। शहर के शासकीय बीकेएसएन महाविद्यालय परिसर में बुधवार को दैनिक भास्कर के पत्रकार अनिल माहोर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने उन्हें कॉलेज में मिलने के बहाने बुलाया और उनके साथ मारपीट की।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पत्रकारों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में पत्रकार एकजुट होकर एडिशनल एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लालघाटी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के विरोध में पत्रकारों ने मुख्यमंत्री और पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) से मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ शीघ्र और कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। पत्रकारों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगनी चाहिए, ताकि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।