भगवानपुरा। खरगोन जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भगवानपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक 17 वर्षीय विधिविरुद्ध बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 किलो 160 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 51 हजार 600 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही करीब 75 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन अनुराग, उप पुलिस महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिमाला प्रसाद के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खेती करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक खरगोन रविन्द्र वर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिट्टू सहगल के मार्गदर्शन में भगवानपुरा पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इसी दौरान 17 नवंबर 2026 को भगवानपुरा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर काबरी की ओर से धूलकोट होते हुए खरगोन की तरफ जाने वाले हैं। उनके पास अवैध गांजा होने की आशंका है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण सिंह लोवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई और पिपल्याबावड़ी नहर पुलिया के पास नाकाबंदी की गई।
कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को रोककर पूछताछ की। उनकी पहचान अभिषेक पिता गंगाराम मलगाया, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम डुडगांव, थाना बेड़िया तथा एक 17 वर्षीय विधिविरुद्ध बालक के रूप में हुई।
पुलिस ने मोटरसाइकिल पर दोनों के बीच रखी बोरी की तलाशी ली तो उसमें 5 किलो 160 ग्राम गांजा मिला। गांजे के परिवहन एवं कब्जे के संबंध में वैध दस्तावेज और लाइसेंस मांगे जाने पर दोनों कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने गांजा और तस्करी में प्रयुक्त लिवो मोटरसाइकिल को नियमानुसार जब्त कर लिया।
मामले में थाना भगवानपुरा पर अपराध क्रमांक 375/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस आरोपियों से गांजे की तस्करी के नेटवर्क और इसके सप्लायर के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इनकी रही विशेष भूमिका-
इस कार्रवाई में एसडीओपी भीकनगांव केतन अडलक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी भगवानपुरा निरीक्षक लक्ष्मण सिंह लोवंशी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक प्रेमसिंह सेमले, सहायक उपनिरीक्षक नरसिंह मोरे, प्रधान आरक्षक हिरालाल धनगर, भारत सोलंकी, देवीसिंग वास्कले एवं शंकर जमरे का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।