ग्वालियर। शहर के हजीरा थाना क्षेत्र में 8 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, तभी आरोपी ने उसे पानी की टिक्की पिलाने का लालच दिया और अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर कमरे पर ले गया। आरोप है कि आरोपी ने कमरे का दरवाजा बंद कर बच्ची के साथ गलत हरकतें शुरू कर दीं।
बच्ची ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाया और उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी दी। बच्ची के चीखने-चिल्लाने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की। इसी दौरान मौका मिलते ही बच्ची आरोपी के चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची और मां को पूरी घटना बताई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बच्ची को लेकर हजीरा थाने पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, आरोपी विजय पासवान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले का निवासी है और वर्तमान में हजीरा क्षेत्र की पीएचई कॉलोनी में रह रहा था।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ सहित पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।