चित्तौड़गढ़। भूपालसागर थाना पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चोरी के जेवरात खरीदने वाले एक सुनार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 8 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 को जाशमा कस्बे में एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर सोने-चांदी के आभूषण और एक लाख रुपये नकद चोरी कर ले गया था। इस संबंध में भूपालसागर थाने में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं वृत्ताधिकारी कपासन हरीश भारती के निर्देशन में थानाधिकारी रणजीत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज सहित तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरी के आरोपी छगनलाल को प्रोडक्शन वारंट पर प्राप्त कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल करते हुए चोरी के जेवरात खरीदने वाले सुनार अजय सोनी की जानकारी दी।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए अजय सोनी (31), निवासी मकान नंबर 97, कैलाश नगर, चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम- थानाधिकारी रणजीत सिंह, एएसआई तेजमल, अनिल, राजमल, बद्रीलाल, रोशनलाल एवं रघुवीर शामिल रहे।