सिंगोली। कस्बा स्थित शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 पर आधारित स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और उसका प्रचार प्रसार करने की शपथ दिलाई गई।
मिली जानकारी के अनुसार भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के तहत शनिवार दोपहर शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में स्वच्छता सर्वेक्षण पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान अतिथि के रूप में उपस्थित नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन ने छात्राओं को कचरा फैंकते समय कचरा वाहन का उपयोग करने और गिला कचरा तथा सुखा कचरा अलग अलग डिब्बों में डालने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि कचरा संग्रहण के लिए नगर निकाय द्वारा वाहन की व्यवस्था की गई है जो प्रतिदिन निर्धारित समय पर आपके घर तक पहुंचता है। नगर परिषद अध्यक्ष ने बताया कि स्वच्छता अभियान को लेकर हमारा दायित्व है कि हम साफ सफाई का ध्यान रखते हुए कचरा फिंकवाने में वाहन का उपयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान ही सीएमओ प्रमोद जैन द्वारा छात्राओं को घर में ही कचरे से कंपोस्ड खाद बनाने और उससे साग सब्जी पैदा करने के बारे में भी विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि घर से निकलने वाले गीले कचरे को एक निर्धारित स्थान पर जमा करके मिट्टी आदि का उपयोग करते हुए उसका खाद बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को स्वच्छता के साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और उसका प्रचार प्रसार करने की शपथ दिलाई गई।
इस मौके पर संस्था प्राचार्य राजेंद्र जोशी के साथ ही अन्य शिक्षक, शिक्षिकाए और कर्मचारी मौजूद रहे।