चित्तौड़गढ़। बढ़ती लागत, घटते भूजल स्तर और वर्षा आधारित कृषि पर निर्भर किसानों को खेती में पूर्ण रोजगार उपलब्ध नहीं होने व बढ़ते कर्ज से राहत दिलाने को लेकर भारतीय किसान संघ द्वारा प्रदर्शन कर सीएम के नाम 13 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा।
प्रदेश के किसानों की विभिन्न समस्याओं का समाधान कर आर्थिक स्तर में सुधार लाने के लिए मंगलवार को प्रदर्शन करते हुए भारतीय किसान संघ ने सीएम के नाम 13 सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन सौंपा जिसमें पाला व शीतलहर के नुकसान का सर्वे करवा कर मुआवजा दिलाने, शीतलहर के चलते मार्फिन मात्रा के प्रभाव का समायोजन करने, पानी उपलब्ध करवा कर सिंचाई रकबा बढ़ाने, जीएसटी खत्म करने का प्रस्ताव भेजने, पीएम किसान सम्मान निधि में अतिरिक्त राशि जोड़ने, विद्युत आपूर्ति में सुधार करने, स्पेशल श्रेणी के कृषि कनेक्शन सामान्य श्रेणी में बदलने, सोलर कनेक्शन की जमा राशि ब्याज सहित लौटाने, फसली ऋण ब्याज मुक्त करने, कर्ज माफी के वादे को पूरा करते हुए वंचित किसानों को लाभ देने, समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित करने, फसल बीमा क्लेम आंकलन संशोधित करने की मांग की गई।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मांगीलाल रेबारी, जिला राजस्व प्रमुख राजेन्द्रसिंह चौहान, प्रान्त सह युवा प्रमुख कमलेन्द्र सिंह चरपोटिया, महिला प्रभारी भारती वैष्णव, महिला जिला मंत्री यशोदा टेलर, जिला कोषाध्यक्ष कल्याणमल, रतनसिंह गंठेड़ी, रवि बाथरा, रामरतन कुमावत आदि उपस्थित रहे।