इंदौर। शहर के बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में रामनवमी पर बावड़ी की छत धंसने से 13 लोगों की मौत हो गई। 40 फीट गहरी बावड़ी में 30 से ज्यादा लोग गिरे थे। बावड़ी से कुल 11 शव निकाले गए, जबकि पुलिस ने रस्सियों की मदद से 19 लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दो लोगों ने दम तोड़ दिया। बावड़ी में चार से पांच फीट पानी है। नगर निगम तीन पंप की मदद से पानी निकाला। जिसके बाद दोबारा रेस्क्यू शुरू किया है। आशंका है कि अभी भी कुछ लोग बावड़ी में डूबे हुए हैं। मौके पर एनीडीआरएफ की टीम भी पहुंची है।
हादसा सपना संगीता रोड स्थित स्नेह नगर में हवन के दौरान हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लोग बावड़ी की छत पर बैठे थे। वजन से उसकी छत टूट गई और लोग नीचे गिर गए। यह मंदिर करीब 60 साल पुराना है। मंदिर में दर्शन करने आया एक बच्चा अब भी लापता है। कलेक्टर ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच कराने की बात कही है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के परिजनों के 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सरकार घायलों को इलाज कराएगी।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया बावड़ी से निकाली गई 11 डेडबॉडी में से 10 महिलाओं की है। अभी तक हादसे में हम 13 लोगों को खो चुके है। मौके पर प्रशासन रेस्क्यू कार्य में जुटा हुआ है। हादसे की जांच के आदेश भी दिए जा चुके हैं। जिन लोगों का बचाव किया गया है, उनका इलाज किया जा रहा है।