शहडोल। शहडोल जिले के अंतिम छोर सीधी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां खुद की शादी की तैयारी में जुटा एक युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दरअसल युवक खुद की शादी की तैयारी के लिए सामान खरीदने पास के गांव गया था, जहां से वापस लौट रहा था तभी सड़क के किनारे पंचर ट्रक से जा भिड़ा। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत के खबर के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जिले के अंतिम छोर सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम पोंडी का रहने वाला 22 वर्षीय लालबहादुर सिंह की 4 दिन बाद शादी थी। लालबहादुर पास के गांव बनसुखली से शादी की तैयारी के लिए सामग्री खरीद कर बाइक क्रमांक MP-18-HS-5761 से घर वापस लौट रहा था तभी बनसुखली से चरहेट रोड़ के पास सड़क के किनारे खड़े एक पंचर ट्रक क्रमांक MP-17-HH-3781 का चालक टायर बदल रहा था, तभी सामने तेज रफ्तार बाइक सवार युवक लाल बहादुर खड़े ट्रक से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची सीधी पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी देकर आगे की प्रक्रिया में जुट गए।
वहीं इस मामले में जानकारी देते हुए सीधी थाना प्राभारी बृजेन्द्र मिश्रा ने बताया कि युवक बाइक से घर का सामान खरीद कर वापस लौट रहा था, जो की खड़े ट्रक से भिड़ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक की 3-4 दिन बाद शादी थी। उसी की तैयारी में कुछ सामग्री खरीदने के लिए आया था।