इंदौर | संयोगिता गंज इलाके में एक परिचित युवक के साथ रहने वाली 12वीं की स्टूडेंट ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवती के माता-पिता नहीं थे। घटना रविवार देर रात की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा है।
संयोगिता गंज पुलिस के मुताबिक 19 साल की पूजा निवासी छावनी ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जाता है कि स्टूडेंट अपने परिचित युवक अंकित करार के साथ रूम पर रहती थी। अंकित और उसका दोस्त जब रूम पर पहुंचे तो उन्होंने लड़की को फंदे पर लटके हुए देखा। अंकित ने एक मैसेज भी पुलिस को दिया है। जिसमें पूजा ने पेट दर्द से परेशान होकर जान देने की बात कही है।
पुलिस के मुताबिक अंकित और उसके साथी युवक ने बताया कि पूजा के माता-पिता की मौत हो चुकी है। वह पहले अनाथ आश्रम में रहती थी। इसके बाद वह हॉस्टल में रहने लगी। बाद में वह अंकित के पास रहने आई थी। वह 12वीं की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस के मुताबिक अंकित खुद को पूजा का मुंहबोला भाई बता रहा है। पुलिस का कहना है कि पूजा के पोस्टमॉर्टम के बाद रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट होगी।