मंदसौर। दो वाहन सवारों के बीच विवाद के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर 20 जून से लापता था। ट्रैक्टर पर सवार एक अन्य व्यक्ति ने बोलेरो सवारों पर अपहरण व 28 हजार रुपए लूट का भी आरोप लगाया था। मामला नारायणगढ थाना क्षेत्र के जोधा पिपलिया ग्रिड के पास का है। पड़ोसी थाना क्षेत्र की पुलिस की टीम भी जांच में कर रही थी।
आज लापता ड्राइवर का शव मगराना गांव के पास कुए में मिला। जिसकी सूचना पर पुलिस ने शव को कुए से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजने लगे। तभी गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों द्वारा सड़क पर शव रखकर चक्काजाम लगा दिया। चक्का जाम का समर्थन कांग्रेस जनों ने भी किया और पुलिस मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। ग्रामीणों की मांगे थी कि मृतक के परिवार को उचित मुवावजा राशि दी जाए। पीएम के पैनल का गठन हो। साथ ही वीडियोग्राफी की जाए। अपराधियो के मकान पर बुलडोजर चलाया जाए और अपराधियों को फाँसी की सजा दी जाए। मामला ज्यादा बढ़ता देख एडिशनल एसपी के साथ नारायणगढ, नाहरगढ के अलावा सीतामऊ, अफजलपुर, दलौदा, मंदसौर सभी थाना प्रभारी और उनकी टीम भी पहुंची। मौके पर पहुंचे एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों और कांग्रेस नेताओं ने जाम खोला और शव को पोस्टमार्टम के लिए मंदसौर रवाना किया।
यह था मामला-
20 जून मंगलवार रात करीब 12 बजे मंदसौर-नीमच फोरलेन पर जोधा पिपलिया ग्रिड के यहां बोलेरो और ट्रैक्टर सवारों के बीच विवाद के बाद से ट्रैक्टर ड्राइवर लापता हो गया था। मामले में बोलेरो वाहन सवार लोगों पर ट्रैक्टर ड्राइवर कैलाश मोदी को अगवा करने व मारपीट के आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने अपहरण और मारपीट की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया था।