देवास। शनिवार अलसुबह भोपाल रोड स्थित ग्राम खटांबा में तीन घरों में अज्ञात चोरों ने धारदार हथियार महिला के गले पर रखकर लाखों रूपयो के जेवरात व नगदी लूट लिए, इसके साथ ही क्षेत्र के दो अन्य घरों में भी चोरों ने धावा बोल दिया। वहां भी लाखों रूपयो के जेवरात व नगदी ले उड़े। इस घटना में एक महिला के कान में व एक बुजुर्ग महिला के सिर में गंभीर चोट आई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर बीएनपी थाना प्रभारी व पुलिस बल पहुंचा था।जानकारी के अनुसार ग्राम खटांबा क्षेत्र में दीपेंद्र सिंह राजपूत, शेखर सिंह राजपूत, रतन सिंह के घरों पर शुक्रवार व शनिवार की दरमियानी रात को चार अज्ञात बदमाशो ने नकबजनी और लूट की वारदात को अंजाम दिया। बताया गया है की रतन सिंह राजपूत के घर में अज्ञात चोर गए और वहां चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रतन सिंह ने बताया की रात को परिजन गहरी नींद में थे, इसी बीच चोर घर में आए तो मेरी मां की नींद खुल गई और वह बदमाशो के पीछे गई तो उन्होंने मेरी माताजी के सिर पर पत्थर से वार कर दिया, जिस पर मेरी मां घायल हो गई। रतन ने बताया की जेवरात सहित 3 लाख रुपयों की चोरी हुई है। इसके साथ ही बदमाशो ने शेखर सिंह के घर पर वारदात को अंजाम दिया। यहां पर चोर ऊपर के रास्ते से घर में घुसे, एक कमरे में दो बच्चो के साथ शेखर सिंह की पत्नी घनी बाई सो रही थी। बदमाशो ने महिला के गले पर धारदार हथियार अड़ाया और महिला को धमकाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घनी बाई ने बताया की उनके पति शेखर सिंह नौकरी पर गए थे, रात को हम लोग सो रहे थे, चार बदमाश अचानक सामने आ गए और मेरे गले पर तलवार अड़ाकर मेरे गले से हार, कान की बाली नही खुली तो कान खींचकर बाली ले गए। इस घटना में महिला के कान में भी चोट आई है। इसके बाद चोर अंदर कमरे में गए और सोने का हार, व नगदी करीब 25 हजार रुपए ले गए। बदमाशो के जाने के बाद उन्होंने शोर मचाया जिस पर आसपास के लोग यहां पहुंचे थे। इस घटना को देख घनी बाई के दोनो बच्चे सहम गए थे। इसके बाद चोरों ने दीपेंद्र सिंह के घर पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। यहां चोरों ने जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। मामले को लेकर बीएनपी थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।