नीमच। जिले के नजदीक रेवली देवली के तेजतर्रार युवा नेता एवं जमीन पर कांग्रेस की लगातार पकड़ मजबूत करने वाले दशरथ नागदा ने अपनी ही पार्टी पर एक बड़ा आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया के माध्यम कहा कि पार्टी में सच्चे कार्यकर्ताओं का कोई मान सम्मान नहीं है तथा जिनके परिवार के लोग भाजपा तथा अन्य पार्टियों में है उन लोगों के परिवारों पद देकर रेवड़ी बांटी जा रही है।
दशरथ नागदा यहीं नहीं रुके उन्होंने कहा कि जिस तरह से पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली में कांग्रेस की हालत हुई है वैसी ही हालत मध्यप्रदेश में भी पार्टी की होगी और आम आदमी पार्टी आने वाले समय में अपना परचम लहराएगी। उनका आरोप है कि कांग्रेस में जो घुसपैठिए है, उनको पद दिए गए हैं, सच्चे कार्यकर्ताओं की इस पार्टी में कोई मान सम्मान नहीं मिलता है।
आगे उन्होंने कहा कि जो लोग बरसों से पार्टी की ईमानदारी एवं कर्तव्य निष्ठा के साथ कार्य करते हैं उन कार्यकर्ताओं को कोई भी जिम्मेदारी नहीं दी जाती है बल्कि जो लोग इधर से उधर होते हैं उन लोगों को पार्टी में महत्वपूर्ण पदों बिठाया जाता है, जिससे पार्टी कमजोर होती जा रही है, जिसके कई उदाहरण है। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी के बड़े पदाधिकारियों से कहना चाहता हूं कि पार्टी में कर्तव्यनिष्ठ और सच्चे ईमानदार कार्यकर्ताओं को यदि कार्य करने का मौका दिया जाता है तो पार्टी मजबूत होगी और आने वाले विधानसभा में पार्टी जीत का परचम लहराएगी।