जावरा। नगरपालिका की टीम इन दिनों सड़कों पर घूम रहे गोवंश को पकड़ रही है। नगरपालिका की टीम जिस तरीके से गोवंश को पकड़ रही है, उसका विरोध शुरू हो गया है। गोवंश को क्रूरता से पकड़ कर ले जाने के वीडियो पोस्ट कर लोगों ने आपत्ति जमाई है।
नगर पालिका में सत्ताधारी कांग्रेस परिषद के ही कुछ नेताओं के साथ पशुपालक नपा पहुंचे और कार्रवाई के तरीकों पर सवाल उठाते हुए ज्ञापन दिया। पशुपालकों का आरोप है कि नगरपालिका की जो टीम मवेशी पकड़ रही, वह उन्हें घसीटकर व पीटकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में डाल रही है। मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा जा रहा है। इससे एक गाय का पैर फ्रैक्चर हो गया। मवेशियों को पकड़ने के लिए शाम 4 बजे बाद मुहिम चलना चाहिए, जबकि नपा टीम सुबह से मुहिम शुरू कर रही है।
नगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग ने टीम गठित करके नगर की सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को पकड़ने की मुहिम शुरू की। तीन दिन में 49 मवेशी पकड़कर गोशाला में छोड़ दिए हैं। शनिवार को पशुपालकों के साथ पहुंचे कांग्रेस नेता पप्पू चारोड़िया, चेयरमैन कन्हैयालाल हाड़ा, पार्षद प्रतिनिधि अनीस कल्याण ने नपा स्वास्थ्य विभाग प्रभारी लोकेशकुमार विजय से कहा कि हम कार्रवाई के खिलाफ नहीं हैं। नपा अपनी मुहिम जारी रखे और मवेशी पकड़े, लेकिन सही तरीके से और सुरक्षित रूप से उन्हें गोशाला छोड़े।
अधिकारियों का कहना है कि ऐसी कोई गाय घायल नहीं हुई। जिस गाय का वीडियो पशुपालकों ने दिखाया है, उसमें गाय सिर्फ वाहन में नीचे बैठी हुई है। उसे तालीदाना गोशाला में जब उतारा तो वह पूरी तरह सुरक्षित है। मवेशियों को सुरक्षित तरीके से ही पकड़ा जा रहा है। सावधानी बरतने के लिए टीम को निर्देशित कर दिया है।