गुना। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेता सांसद संजय सिंह को ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद देशभर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का आक्रोश केंद्र सरकार और ईडी सीबीआई के खिलाफ फूट पड़ा है। गुना में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाजी की।आम आदमी पार्टी की नेताओं का कहना है कि पहले सत्येंद्र जैन फिर मनीष सिसौदिया और अब संजय सिंह को जेल भेज कर भारतीय जनता पार्टी की सरकार का अगला निशाना सीएम अरविंद केजरीवाल है और उन्हें भी कभी भी जेल भेजा जा सकता है। सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी पूरे देश में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। हनुमान चौराहे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने रैली निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी का कहना है कि यदि संजय सिंह को नहीं छोड़ा गया तो आम आदमी पार्टी पूरे देश भर में उग्र आंदोलन करेगी। कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और तानाशाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।