खरगोन। विधानसभा चुनाव-2023 के अंतर्गत जिले के 06 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के नाम निर्देशन पत्र कलेक्ट्रेट कार्यालय के अलग-अलग कक्षों में प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है। 21 अक्टूबर से प्रत्याशियों के नाम निर्देशन पत्र लेना प्रारंभ कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की सम्पूर्ण प्रक्रिया पर सीसी टीव्ही कैमरे से निगरानी की जा रही है। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में सीसी टीव्ही कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही प्रत्याशियों के साथ आने वाले वाहनों और व्यक्तियों पर निगरानी रखने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में भी विभिन्न स्थानों पर सीसी टीव्ही कैमरे लगाए गए हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कर्मवीर शर्मा के कक्ष में एवं कंट्रोल रूम से सभी 06 रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष की सभी गतिविधियां कम्प्यूटर स्क्रीन पर देखी जा सकती है।