रतलाम। प्रवास पर राष्ट्र संत जैन आचार्य प्रवर विजयराज महाराज के सानिध्य में तीन जैन मुमुक्षु सांसारिक मोह माया को त्याग कर संयम मार्ग अपनाने जा रहे हैं । तीन युवा राष्ट संत जैनाचार्य प्रवर विजयराज महाराज के पावन सानिध्य में जैन भगवती दीक्षा ग्रहण करेंगे। रतलाम में राष्ट्र संत जैन आचार्य प्रवर महाराज ने घोषणा कर मुमुक्षु सूरज कांकरिया रायचूर,अक्षय सहलोत मैसूर व मोहित सकलेचा खरियार रोड़ के द्बारा आगामी 18 फरवरी को संयम मार्ग अपनाने की जानकारी दी है। तीनों मुमुक्षुओं की जैन भगवती दीक्षा इंदौर मध्यप्रदेश में होगी। इस मौके पर देश के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों श्रावक श्राविकाएं उपस्थित थे। घोषणा का वंदे वीरम वंदे वीरम एवं हर्ष जय के उदघोषों से स्वागत किया गया।
श्री अखिल भारतीय साधुमार्गी शांत क्रांति जैन युवा संघ के पूर्व राष्टीय महामंत्री प्रकाश जैन ने बताया कि सतरंगी दुनिया को त्याग कर यह तीनों युवा मुमुक्षु महाराज जी के सानिध्य में संयम साधना कर रहे थे। इसके बाद अब तीनों युवा आगामी 18 फरवरी को इंदौर में आयोजित दीक्षा समारोह में संयम मार्ग अपनाएंगे। घोषणा के बाद संयम पथ के तीनो राहियों का बहुमान किया गया।