शिवपुरी। शारदीय नवरात्र महोत्सव में शहर के खटीक मोहल्ले में इस बार भी मां काली की मूर्ति विराजमान की गई थी। इस दौरान नौ दिनों तक मां काली की आराधना में लीन होने के बाद आज मंगलवार को मां काली की प्रतिमा का विसर्जन गणेश कुंड में किया गया। मां काली के विसर्जन को देखने के लिए हजारों की संख्या में क्षेत्र की जनता उमड़ पड़ी। इस दौरान काली काली जय मां काली के जयकारों से नभ गुंजायमान रहा। इस मौके पर भारी संख्या में पुलिस की मौजूदगी रही।
बता दें कि मां काली की प्रतिमा को भक्तों ने अपने कंधों पर उठाकर खटीक मोहल्ले से यात्रा की शुरूआत की जो कमलागंज, माधव चौक, दो बत्ती चौराहा होते हुए गणेश कुंड पहुंची। इस यात्रा की खास बात है कि हजारों भक्तों की भीड़ के बीच यह यात्रा तीन किलोमीटर का पैदल सफर महज 25 मिनट में पूरा कर गणेश कुंड तक पहुंची।
जिस मार्ग से माता की प्रतिमा भक्तों के कंधों पर सवार होकर निकलने वाली थी। उन मार्गों पर पहले से हजारों की संख्या में भक्त काली माता के दर्शन करने पहुंच गए थे। काली माता की प्रतिमा गणेश कुंड पहुंचने के बाद पूजा अर्चना के साथ मूर्ति का विसर्जन किया गया। बता दें कि कई वर्षों खटीक समाज के द्वारा काली माता की प्रतिमा को स्थापित किया जाता रहा है।