नीमच। एमपी में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। प्रदेश के सभी शहरों में रात का टेम्प्रेचर 20 डिग्री के नीचे आ गया है। वहीं प्रदेश में उत्तर भारत में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोप) का असर भी दिखाई दे रहा है। मंगलवार को हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम पारा 11 डिग्री तक पहुंचा। जबकि बैतूल, रायसेन, राजगढ़, छिंदवाड़ा, मंडला, रीवा, उमरिया और मलांजखंड भी सबसे ठंडे रहे।
मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि हवा की दिशा बदलने से रात के तापमान में गिरावट आई है। यह दौर अक्टूबर तक जारी रहेगा। मंगलवार को अधिकांश शहरों में दिन का तापमान 30 से 32 डिग्री के बीच रहा। उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोप) एक्टिव है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के ऊपर भी एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस है। इस कारण प्रदेश में न तो बारिश होगी और न ही तेज ठंड पड़ेगी। हवा की दिशा बदलने से रात में गुलाबी ठंड का ही असर रहेगा। 31 अक्टूबर तक मौसम में कोई बदलाव होने का अनुमान नहीं है। नवंबर के पहले सप्ताह से ठंड का असर तेज हो सकता है। पश्चिमी विक्षोप से उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में जरूर हल्की बारिश हो रही है। मालवा के रतलाम, मंदसौर व नीमच सहित राजस्थान के चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ व भीलवाड़ा जिले में आगामी 24 घंटे में धूप-छांव वाला मौसम रहेगा। यहां भी राते के पारे में गिरावट दर्ज की जाएगी।