भोपाल। जिले की सात विधानसभा के लिए अब तक कुल 37 नामांकन दाखिल हो चुके हैं। नामांकन भरने के लिए अब 4 दिन बचे हैं। इनमें 28 और 29 अक्टूबर को छुट्टी है। ऐसे में उम्मीदवारों के पास नामांकन भरने के लिए सिर्फ 2 दिन ही हैं। शुक्रवार को बैरसिया में बीजेपी और कांग्रेस प्रत्याशी नामांकन जमा कर सकते हैं। वहीं, दक्षिण-पश्चिम और उत्तर विधानसभा क्षेत्रों से भी बीजेपी प्रत्याशी नामांकन भरेंगे।
भोपाल मध्य, नरेला, हुजूर और गोविंदापुरा में बीजेपी-कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के प्रत्याशियों ने गुरुवार को ही नामांकन भर दिए। वहीं, दक्षिण-पश्चिम और उत्तर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशियों ने नामांकन भरे। इस दिन कुल 29 नामांकन भरे गए। इन्हें मिलाकर कुल 37 नामांकन भरे जा चुके हैं।
कांग्रेस से भोपाल उत्तर से आतिफ अकील, नरेला से मनोज शुक्ला, दक्षिण-पश्चिम से पीसी शर्मा, मध्य से आरिफ मसूद, गोविंदपुरा से रवींद्र साहू और हुजूर से नरेश ज्ञानचंदानी ने फॉर्म जमा किए। भाजपा से हुजूर से रामेश्वर शर्मा, गोविंदपुरा से कृष्णा गौर, नरेला से विश्वास सारंग और मध्य से ध्रुवनारायण सिंह ने अपने-अपने नामिनेशऩ जमा किए। विश्वास सारंग स्कूटी से नामांकन दाखिल करने एसडीएम कार्यालय पहुंचे। वहीं, रामेश्वर शर्मा हनुमान मंदिर में मत्था टेकने के बाद नामांकन भरने पहुंचे थे।