नीमच। मालवा क्षेत्र में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आसमान में बादल छाने से धूप में नरमी आई है। ऐसा राजस्थान में एक्टिव हुए पश्चिमी विक्षोप की वजह से हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान से एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस राजस्थान पहुंच चुका है। इसकी वजह से शुक्रवार को जयपुर, सीकर, नागौर, चूरू, झुंझुनूं, अजमेर, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर में बादल छाए रहे। हालांकि नमी कम होने से बारिश नहीं हुई। वहीं तापमान में बढ़ोतरी होने से रात में ठंडक थोड़ी कम हो गई। शेखावटी के सीकर, चूरू, झुंझुनूं में रात का तापमान 3 डिग्री बढ़ गया है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से आज सुबह से ही हल्के बादल छाए हुए हैं। राजस्थान के उत्तर-पश्चिम हिस्से में एक्टिव होने से एमपी के मालवा में भी सीमा से लगे जिलों में आज मौसम बदला हुआ है। यहां धूप-छांव वाला मौसम रहेगा। देर रात तक कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।