नीमच। सीबीएसई के मान्यता प्राप्त स्कूलों और केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं व 12वीं की बोर्ड एग्जाम की तैयारी को लेकर एक्शन प्लान शुरू हो गया है। स्कूल में नवंबर तक हर हाल में सिलेबस पूरा कर स्टूडेंट्स को रिवीजन करवाया जाएगा। साथ ही कमजोर छात्रों के लिए रेमेडियल क्लासेस यानी सुधारात्मक कक्षाएं शुरू की जाएंगी। इससे कमजोर विद्यार्थियों की एक्सपर्ट काउंसलिंग कर उनकी तैयारी में सुधार लाया जा सके। इसके साथ ही दिसंबर और जनवरी में प्री-बोर्ड का आयोजन किया जाएगा। इसमें विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर अपनी तैयारी का आकलन कर सकेंगे कि उनकी तैयारी बेहतर हुई या नहीं। एक्सपर्ट के अनुसार 15 फरवरी से बोर्ड एग्जाम शुरू होंगे, इससे पहले स्कूलों की ओर से हर हाल में 3 से 4 बार विद्यार्थियों के लिए रिवीजन कर लिया जाएगा, ताकि रिजल्ट में सुधार हो सके।
अप्रैल 2024 तक चलेंगी परीक्षाएं- आधिकारिक नोटिस के अनुसार सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं के लिए शैक्षणिक वर्ष 2023-24 की बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी से आयोजित करेगा। सीबीएसई कक्षा दसवीं की परीक्षा 15 फरवरी से 21 मार्च तक और 12वीं की परीक्षा 15 फरवरी से 5 अप्रैल तक चलेंगी। तीन बार कर सकेंगे रिवीजन स्कूलों में स्पेशल क्लासेस में सिलेबस पूरा होने के बाद स्टूडेंट्स को रिवीजन के लिए टाइम मिलेगा। इस समय का उपयोग वह अपने सिलेबस को 2 से 3 बार रिवीजन करने के लिए कर सकेंगे।
इसके लिए टीचर्स क्लास में गाइडेंस के लिए उपलब्ध रहेंगे। यदि स्टूडेंट को रिवीजन के बाद भी कोई डाउट होता है तो वह टीचर से क्लास में ही अपने डाउट्स क्लियर कर सकते हैं। इससे उन्हें अपनी तैयारी में आसानी रहेगी की वे अपनी कमियों में सुधार कर सकेंगे। जिससे उन्हें बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी में आसानी होगी। शिक्षकों का कहना है कि रिवीजन होने से छात्रों में आत्मविश्वास विकसित होता है। विद्यार्थी हर हफ्ते करेंगे तीन सैंपल पेपर की प्रैक्टिस जिले में 2 केंद्रीय विद्यालय सहित 19 मान्यता प्राप्त स्कूल हैं।
इन स्कूलों में छात्र बोर्ड एग्जाम में बेहतर तैयारी के लिए हर हफ्ते तीन सैंपल पेपर की प्रैक्टिस करेंगे। सैंपल पेपर से स्टूडेंट्स को बोर्ड परीक्षा की तैयारी में बहुत मदद मिल सकेगी। इससे उन्हें परीक्षा की तैयारी बेहतर तरीके से करने और प्रश्नों के उत्तर लिखने के रणनीति बनाने में मदद मिलेगी। सैंपल पेपर से छात्र खुद का टेस्ट ले सकते हैं और तय समय पेपर देने की प्रैक्टिस कर सकते हैं।