इन्दौर। विधानसभा निर्वाचन 2023 के अंतर्गत दिव्यांगजनों की निर्वाचन में भागीदारी सुनिश्चित हो इस दृष्टि से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आज कलेक्टर कार्यालय के कक्ष 210 अहिल्याबाई होलकर ऑडिटोरियम में दिव्यांग अधिकारियों एवं कर्मचारियों की परिचर्चा आयोजित की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी के निर्देशन में 200 से अधिक दिव्यांग कर्मचारियों को निर्वाचन कार्य के संबंध में चर्चा की गई। इस दौरान 94 कर्मचारियों ने निर्वाचन कार्य में सहभागिता के लिये अपनी सहमति प्रदान की।
परिचर्चा के दौरान दिव्यांग कर्मचारियों को मतदान के संबंध में स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर डॉ. डी.सी. राठी द्वारा मतदान की बारीकियों से अवगत कराया गया। परिचर्चा में जिला दिव्यांग स्वीप आईकॉन विक्रम अग्रिहोत्री भी उपस्थित थे। उनके द्वारा दिव्यांग कर्मचारियों को मोटिवेट किया गया। दिव्यांग कर्मचारियों में निर्वाचन कार्य करने को लेकर उत्साह नजर आया।