रतलाम। जिले में विधानसभा चुनाव आचार संहिता के चलते चेक पोस्ट पर कार्यवाही के दौरान बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण पकड़े जाने के मामले में सराफा एसोसिएशन ने नाराजगी व्यक्त की है। सराफा एसोसिएशन द्वारा प्रशासन पर सर्राफा व्यापारियों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए विधानसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करने की चेतावनी दे दी है। बीती रात संगठन की बैठक में 31 अक्टूबर तक प्रशासन को पकड़े गए माल को लेकर निर्णय लेने की चेतावनी दी गई है। अन्यथा सराफा एसोसिएशन 17 नवंबर को होने वाले मतदान का बहिष्कार करेगा। गौरतलब है कि जिले की सीमाओं को सील कर सभी चेक पोस्ट पर चेकिंग की जा रही है जिसमें अब तक करीब 24 करोड रुपए के सोना चांदी के आभूषण जब्त किए गए हैं। जब्त किया गया सोना और चांदी रतलाम के सराफा व्यापारियों का है। सराफा व्यापारी प्रशासन की इस कार्यवाही से नाराज है। व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की कार्यवाही से शहर में सराफा व्यापार प्रभावित हो रहा है। पकड़े गए माल को भी रिलीज करने में लंबा समय लगाया जा रहा है। शनिवार रात सर्राफा संगठन की बैठक में 17 नवंबर को होने वाले मतदान का बहिष्कार करने की चेतावनी जिला एवं पुलिस प्रशासन को दी गई है।