कटनी ढीमरखेड़ा विकासखण्ड अन्तर्गत शाहडार के खूबसूरत घने जंगल के बीच प्रकृति की गोद में बसे बिचुआ, उंचेहरा, भलवारा और कोकोडबरा ग्रामों में पहुंच कर कलेक्टर अवि प्रसाद ने ग्रामीणों को शत-प्रतिशत मतदान हेतु प्रेरित किया।
शासकीय हाई स्कूल बिचुआ शुक्रवार को मतदाता जागरूकता अभियान के भव्य आयोजन का साक्षी बना। जहां कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अवि प्रसाद, पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन और वनमंडलाधिकारी गौरव शर्मा सहित जिला पंचायत सीईओ शिशिर गेमावत ने उपस्थित होकर ग्रामीणों को शत-प्रतिशत मतदान हेतु प्रेरित किया।
कलेक्टर प्रसाद की मौजूदगी में सभी ग्रामीणो को स्वतंत्र, शांति पूर्ण और निर्भीक होकर, प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मताधिकार करने की मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। यहां शासकीय हाई स्कूल बिचुआ के परिसर में बच्चे, बुजुर्ग, वृद्ध सभी लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी के लिए उमंग से सराबोर और उत्साह से लबरेज ग्रामीणों के साथ कलेक्टर प्रसाद सहित अन्य अधिकारी गांव की गलियों में निकली मतदाता जागरूकता रैली में शामिल हुए। जहां ‘‘सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो’’ के गगनभेदी नारों ने ग्रामीणों में मतदान अवश्य करने का जोश भर दिया। करीब दो किलोमीटर लंबी जागरूकता रैली में बच्चों और बुजुर्गाे के उत्साह की कलेक्टर प्रसाद ने सराहना की।बुजुर्ग विशाली सिंह और रंगे सिंह के जज्बे की सराहना कलेक्टर प्रसाद और पुलिस अधीक्षक ने बिचुआ निवासी बुजुर्ग विशाली सिंह और रंगे सिंह से बातचीत कर स्वास्थ्य का हाल-चाल पूछा और कहा - दादा वोटर आईडी कार्ड बना है। इस पर दोनों बुजुर्गाे ने बताया कि -हां उनका वोटर आईडी कार्ड बना हुआ है, और वे मतदान भी करेंगे।
इस पर कलेक्टर प्रसाद ने मतदान के प्रति दोनों बुजुर्गाे के जज्बे की सराहना की।वरिष्ठ मतदाताओं का सम्मान कलेक्टर अवि प्रसाद ने शाहडार के खूबसूरत घने जंगल के बीच प्रकृति की गोद में बसे बिचुआ, उंचेहरा, भलवारा और कोकोडबरा ग्रामों में वरिष्ठ मतदाताओं को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। ग्राम भलवारा में कलेक्टर प्रसाद ने वरिष्ठ मतदाता शिवराम सिंह का शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मान किया। कलेक्टर अवि प्रसाद और पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन ने ग्राम उंचेहरा में ग्रामीणों से संवाद किया और यहां उंचेहरा बीच चौक वार्ड नंबर एक और दो से होते हुए मतदाता जागरूकता रैली गांव की आंतरिक गलियों से निकली। इसमें लोगों ने उत्साह पूर्वक भागीदारी की। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन, वनमंडलाधिकारी गौरव शर्मा और जिला पंचायत सीईओ शिशिर गेमावत भी मौजूद रहे।