रतलाम। शहर से भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप के जनसंपर्क के दौरान आज ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसकी उम्मीद शहर का हर भाजपा कार्यकर्ता करता है। शहर की राजनीति के दो ध्रुवो का मिलन आज देखने को मिला। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी और चेतन्य काश्यप की आज हुई मुलाकात शहर में सुर्खियां बटोर रही है। जनसंपर्क के दौरान आज भाजपा उम्मीदवार काश्यप पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के निवास पहुंचे। यहां श्री कोठारी ने सपरिवार काश्यप का आत्मीय स्वागत किया। लंबे समय के बाद दोनों नेताओं के बीच हुई इस मुलाकात से भाजपा के कार्यकर्ताओं भी प्रसन्न और उत्साहित है।
भाजपा प्रत्याशी एवं विधायक चेतन्य काश्यप का जनसंपर्क शनिवार को संत रविदास चौक से आरंभ हुआ। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। जनसंपर्क डालू मोदी बाजार से पैलेस रोड पर पहुंचा तो यहां चौतन्य काश्यप पार्टी के वरिष्ठ नेता हिम्मत कोठारी के निवास पर पहुंचे। जहाँ कोठारी परिवार ने काश्यप का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी भाजपा कार्यालय पहुंचे। जहां जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा, जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, निर्मल कटारिया, जिला उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, सुनील सारस्वत, जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, सह कार्यालय मंत्री राकेश नागर सहित पार्टी पदाधिकारियों ने स्वागत-अभिनंदन किया।
गौरतलब है कि भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप शुक्रवार से विधानसभा क्षेत्र में सघन जनसंपर्क अभियान की शुरुआत कर चुके हैं। इसके बाद आज वह जनसंपर्क के लिए सुबह वार्ड क्रमांक 24, 25, 26, 40 एवं 42 में पहुंचे थे।