जबलपुर। मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत चलाई जा रही स्वीप की गतिविधियों के तहत शनिवार को नीमखेड़ा स्थित मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के क्रिकेट मैदान पर नगर निगम इलेवन एवं जिला पंचायत इलेवन के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। बीस-बीस ओवर के इस कांटे के मुकाबले में नगर निगम ने जिला पंचायत को 9 रन से हराया।
मैच की शुरुआत राष्ट्रगान से की गई । टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नगर निगम ने 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 125 रन का स्कोर खड़ा किया । इसमें सर्वाधिक 27 रन नगर निगम कमिश्नर स्वप्निल वानखेड़े ने बनाये। जिला पंचायत की ओर से रोहन चतुर्वेदी ने चार ओवर में पांच विकेट लिये।
जबाब में 126 रन का लक्ष्य का पीछा करते हुए जिला पंचायत 17 ओवर में अपने सभी विकेट होकर 115 रन बना सकी। इसमें नितिन शर्मा ने सर्वाधिक 30 रन का योगदान दिया। नगर निगम की तरफ से आयुक्त स्वप्निल वानखेड़े ने दो विकेट हासिल किये। बल्लेबाजी और उसके बाद गेंदबाजी में भी अच्छे प्रदर्शन के लिये उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
इस रोमांचक मैच में बेस्ट बॉलर का पुरस्कार रोहन चतुर्वेदी को तथा बेस्ट फील्डर का अवार्ड अपर कलेक्टर शेर सिंह मीणा को दिया गया। मैच के समापन पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने 17 नवम्बर को विधानसभा चुनाव में न केवल स्वयं मतदान करने बल्कि अन्य लोगों को भी मतदान के लिये प्रेरित करने का संकल्प लिया।