कालापीपल। बालकों के सर्वांगीण विकास व सफलता के पीछे अभिभावकों व शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, इसी भूमिका के निर्वाह के लिए शिक्षक और अभिभावक में समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से विद्या भारती द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर कालापीपल में अभिभावक सम्मेलन व विषय आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर मानस मर्मज्ञ पंडित रामस्वरूप मानवत, मुख्य अतिथि विद्या भारती मालवा प्रांत के संगठन मंत्री अखिलेश मिश्रा, अध्यक्षता कमल सिंह परमार व प्राचार्य प्रवीण देशपांडे मंचस्थ रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मानस मर्मज्ञ पंडित श्याम स्वरूप मानवत ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए जननी और माँ में अंतर बताते हुए कहा कि देवकी जननी बन पाई और यशोदा माँ बनी, आज संसार मां को पूजता है। बच्चों के संस्कारों को दृढ़ करने वाला अभिभावक होता है उन्होंने पालक और अभिभावक की भी सुंदर व्याख्या बताते हुए कहा कि अभि का अर्थ होता है फैलाना । पालक तो कोई भी हो सकता है लेकिन अभिभावक हर कोई नहीं हो सकता। यशोदा मां कृष्ण की अभिभावक बनी, इसलिए संसार उनको पूजता है। मन, बुद्धि, चित्त व संस्कार के समावेश वाला व्यक्ति अभिभावक होता है। पौराणिक प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने मन की प्रकृति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मन छोटा होने पर जिंदगी कुरुक्षेत्र हो जाती है तो मन बड़ा होने पर जिंदगी चित्रकूट बनती है। मां का कर्तव्य मन को छोटा नहीं, बड़ा करने का है । मन छोटा करने से अमावस की रात्रि आती है, तो वही मन को बड़ा करने पर पूर्णिमा का प्रकाश फैलता है। कॉन्वेंट विद्यालय बुद्धि बड़ा कर सकते हैं, लेकिन शिशु मंदिर मन को बड़ा करते हैं । शिशु मंदिर साधारण से बच्चों में देवत्व भर देने वाली संस्था है।
मुख्य अतिथि अखिलेश मिश्रा ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिशु मंदिर में बच्चों को एक अच्छा इंसान बनाने के लिए भेजा जाता है, बालकों के सर्वांगीण विकास व नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षा देने का काम विद्या भारती करती है। पांच आधारभूत विषयों को केंद्र बिंदु मानकर बालकों के सर्वांगीण विकास पर जोर देने का काम विद्या भारती करती है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप प्रयोग व क्रिया आधारित शिक्षा को ध्यान में रखते हुए विज्ञान नवाचार, भाषा व्याकरण, सांस्कृतिक धरोहर जैसे विषयों के छात्र- छात्रों ने मॉडल व प्रोजेक्ट तैयार कर विशाल प्रदर्शनी का आयोजन किया। जिसका आगंतुक अतिथियों सहित अभिभावकों ने अवलोकन कर सराहना की।
आयोजित अभिभावक सम्मेलन में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा पांच आधारभूत विषयों से ओतप्रोत मां शारदे की वंदना पर समूह नृत्य, स्वागत नृत्य, व्यक्तिगत गीत, योग नृत्य व दुर्गा स्तुति की मनमोहक प्रस्तुतियों ने जमकर तालियाँ बटोरी। इस दौरान विभाग समन्वयक राकेश जोशी, ग्राम भारती तहसील प्रमुख सुनील सेंधव सहित हजारों की संख्या में अभिभावकगण मौजूद रहे। कार्यक्रम में अतिथि परिचय आचार्य अनिल शर्मा ने करवाया। कार्यक्रम का संचालन अर्चना शर्मा ने किया एवं आभार प्रबंध समिति के व्यवस्थापक गोरधन सिंह पाटीदार ने माना।