इंदौर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार सुबह उज्जैन से इंदौर पहुंचे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश प्रभारी हितानंद शर्मा भी हैं। शाह इंदौर से ग्वालियर के लिए रवाना होंगे। इस बीच इंदौर में होने वाली संभागीय भाजपा की बैठक निरस्त कर दी गई है। भाजपा के संभागीय प्रवक्ता आलोक दुबे ने बताया कि ये बैठक कब होगी अभी तय नहीं है।
दरअसल शाह की व्यस्तताओं और नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन होने के चलते बैठक बाद में लिए जाने पर भी चर्चाएं चल रही हैं। इस बैठक में इंदौर संभाग के सभी 9 संगठनात्मक जिलों के कार्यकर्ता, 37 सीटों के विधानसभा प्रभारी और वहां भेजे गए प्रवासी विधायकों को सुबह 11.30 बजे बुलाया था।
चुनावी माहौल और नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने पर जोर देने के लिए यह बैठक आयोजित की जाना थी। बता दें, शाह मप्र के सभी संभागों की बैठकें ले रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने रविवार को उज्जैन संभाग की बैठक भी ली है। इंदौर के बाद अमित शाह आज ही दोपहर 2.30 बजे ग्वालियर भी जाएंगे।
शाह का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को उत्साहित करना है, ताकि वे पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतर जाएं। वे तीन दिन में विंध्य, बुंदेलखंड, महाकौशल, मध्य भारत, मालवा- निमाड़ और ग्वालियर-चंबल अंचल में संभागवार बैठकें करेंगे।