ग्वालियर। त्योहार के नजदीक आते ही प्याज के दाम आसमान छू रहे हैं। अभी तक जो प्याज 30 से 40 रुपए प्रति किलो बिक रही थी वह अचानक 70 से 80 रुपए प्रति किलो के भाव पर पहुंच गई है। मंडियों में दाम बढ़ने से प्याज लोगों को रुला रही है। मंडी में आने वाले कुछ लोगों का कहना है कि उन्होंने प्याज खाना ही छोड़ दिया है।
बिना प्याज के ही खाना बनाकर खा रहे हैं। मंडी में व्यापार की नब्ज समझने वाले एक्सपर्ट की माने तो आगे दो से तीन दिन में प्याज के दाम 100 रुपए प्रति किलो तक पहुंचने की संभावना है। प्याज विक्रेताओं का कहना है कि इस साल फसल कम हुई है जिसके कारण प्याज की आवक कम हुई है इसलिए प्याज के दाम बढ़ गए हैं। बता दे की प्याज के दाम बढ़ते ही मंडियों में सब्जी खरीदने वाले लोग प्याज को छोड़कर सभी सब्जियां खरीद रहे हैं। लेकिन प्याज को देखते ही उसके बढ़ते दाम को देखकर लोग पीछे हट जाते हैं। वहीं गली-मोहल्लों और कॉलोनियों में फुटकर में सब्जी बेचने वालों के पास प्याज ना के बराबर दिख रही है। प्याज के दाम बढ़ने की खबर सुनते ही लोग प्याज खाने से परहेज कर उसकी कीमत पर चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं। यदि प्याज के अलावा मंडियों में लहसुन के दामों की बात करें तो वह भी बढ़ चुके हैं। जिसके बाद घरों में सब्जियों में चटपटा पन कम होता नजर आ रहा है।
सब्जी मंडी में प्याज खरीदने आई विमला करोसिया का कहना है कि प्याज के दाम बढ़ने से उनका महीने का बजट बढ़ गया है, जो प्याज वह 30 से 35 रुपए प्रति किलो में लेती थीं वही प्याज अब 70 से 80 रुपए प्रति किलो मिल रही है। उन्होंने 50 रुपए किलो में प्याज खरीदी है, जो छिलके उतरी और गली हुई है। मंडी में खरीदार नफीस खान ने बताया कि बाजार में प्याज का दाम बढ़ गया है बहुत खराब स्थिति है। उन्होंने 8 से 10 दिन पहले 40 रुपए प्रति किलो में प्याज खरीदी थी। महंगाई बढ़ने से ना तो हिंदू ना मुस्लिम के त्योहार मना पा रहे हैं। जिसकी सरकारी नौकरी है वही लोग त्योहार मना पा रहे हैं।