खरगोान। विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार को नाम निर्देशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख है। आज दोपहर 3 तक कलेक्ट्रेट कार्यालय में विधानसभा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार अपने नामांकन फॉर्म जमा कर सकते हैं। भाजपा और कांग्रेस के सभी प्रत्याशी आज वरिष्ठ पदाधिकारियों के सानिध्य में संयुक्त रूप से नाम निर्देशन फॉर्म जमा करने के लिए कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे। इस दौरान भाजपा की नामांकन रैली में इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष व पूर्व संभागीय संगठन मंत्री जयपालसिंह चावड़ा व पूर्व सांसद कृष्णमुरारी मोघे शामिल होंगे।
इनके नेतृत्व में खरगोन जिले के सभी भाजपा प्रत्याशियों की नामांकन रैली सोमवार को निकलेगी। नामांकन रैली सिद्धिविनायक गणेश मंदिर, कुंदा तट से दोपहर में निकलेगी। जिसमें भाजपा के सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे। इसी प्रकार कांग्रेस की नामांकन रैली में मध्यप्रदेश के प्रभारी महासचिव रणदीप सुरजेवाला, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव एवं मध्यप्रदेश के सह प्रभारी संजय दत्त शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।
यह जनसभा नवग्रह मेला मैदान पर होगी। सोमवार शाम तक स्थिति स्पष्ट होगी कि जिले की छह विधानसभा क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस के साथ कितने निर्दलीय मैदान में उतरेंगे।