नीमच। नीमच को जिला बने हुए 25 साल हो गए लेकिन आज भी कई कार्यालय मंदसौर में संचालित हो रहे हैं। नीमच जिले में लंबे समय से पासपोर्ट कार्यालय की मांग की जा रही है, लेकिन यह भी मंदसौर जिले में खुलने जा रहा हैं। कार्यालय के लिए मंदसौर कलेक्टर ने कार्यालय में स्थान उपलब्ध करा दिया है। डाक विभाग ने प्रक्रिया पूरी कर फाइल विदेश मंत्रालय को भेज दी है। लेकिन यहां भी पासपोर्ट कार्यालय के लिए सालों इंतजार करना पड़ सकता है।
नीमच जिला बनने के बाद आज भी डाक विभाग, बीएसएनएल, जिला सहकारी बैंक जैसे कार्यालयों के मुख्यालय मंदसौर जिले में लग रहे है। कुछ समय पहले नीमच में संचालित एनसीसी की बटालियन को भी मंदसौर में शिफ्ट कर दिया गया। सैनिक स्कूल मंदसौर को मिला हैं। नीमच जिले में पूर्व में स्थापित कई सुविधाओं को छीनकर मंदसौर शिफ्ट कर दिया गया हैं। अभी पासपोर्ट वेरिफिकेशन व फोटो खिंचवाने के लिए नीमच की जनता को 258 किमी दूर इंदौर या 400 किमी का सफर तय कर भोपाल जाना पड़ता है। इस परेशानी से छुटकारे के लिए जिले में पासपोर्ट कार्यालय की मांग की जा रही थी। लेकिन अब यह सुविधा भी नीमच से छिन गई है।
नीमच जिला मंदसौर-नीमच-जावरा संसदीय क्षेत्र का हिस्सा हैं। लेकिन कई मामलों में नीमच की बजाय सुविधाए देने के मामले में मंदसौर को तवज्जों दी गई हैं। इसका मुख्य कारण नीमच जिले के जनप्रतिनिधियों की उदासीनता और मंदसौर निवासी सांसद हैं।