नीमच। जांगड़ा पूर्वज समाज का दो दिवसीय युवक युक्ति परिचय सम्मेलन आगामी 17 और 18 दिसंबर को महाकाल की नगरी उज्जैन में मनोरमा गार्डन कोयला फाटक पर संपन्न होने जा रहा है।
अखिल भारतीय पोरवाल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश पोरवाल ने बताया कि सम्मेलन को लेकर जांगड़ा पोरवाल समाज उज्जैन के अध्यक्ष राजेश मुजावदिया के नेतृत्व में सभी सम्माननीय पदाधिकारी द्वारा रात दिन एक कर के सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। अखिल भारतीय पोरवाल महासभा, अखिल भारतीय पोरवाल युवा संगठन, जांगड़ा पोरवाल समाज उज्जैन के संयुक्त तत्वाधान में विशाल परिचय सम्मेलन में लगभग 1000 युवक-युवतियां परिचय सम्मेलन में भाग लेगी। दो दिवसीय कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में चल रही है।
अतिथि स्वागत एवं सरस्वती वंदना प्रातः 10.30 बजे होगी। परिचय पुस्तिका का वितरण कार्यक्रम स्थल पर किया जाएगा, साथ ही पास जारी किए जाएंगे। परिचय सम्मेलन का प्रथम सत्र दोपहर 12.30 बजे से प्रारंभ होगा जो दोपहर 02 बजे तक चलेगा। द्वितीय सत्र शाम 04 बजे प्रारंभ होगा जो शाम 06 बजे समाप्त होगा। 17 दिसम्बर को रात्रि को 08 बजे भव्य भजन संध्या रखी गई है। परिचय सम्मेलन में अगर जोड़े तय होते हैं तो सामूहिक विवाह भी किया जाएगा। 18 दिसम्बर को अंतिम सत्र दोपहर 12 बजे से 02 बजे तक चलेगा। सभी युवक युवती अपना परिचय मंच के माध्यम से देंगे। अखिल भारतीय पोरवाल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश पोरवाल ने सभी समाज जनों से उक्त कार्यक्रम में पहुंचने का अनुरोध किया है।