रतलाम। राजस्व अधिकारी अपनी कार्यशैली में सुधार करे, कार्यों में कसावट लाएं, जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोई भी अधिकारी अवैध उत्खनन, परिवहन को प्रश्रय नहीं दे, इस प्रकार के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उक्त निर्देश कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने शनिवार को आयोजित राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए। करीब साढे तीन घंटे चली बैठक में कलेक्टर ने राजस्व विभाग की समीक्षा विस्तृत एजेंडे के साथ की। अपर कलेक्टर आरएस मंडलोई तथा जिले के एसडीएमगण भी उपस्थित थे।
कलेक्टर लाक्षाकार द्वारा निर्देशित किया गया कि जिले की तहसील न्यायालयों के कार्य में सुधार की बहुत जरूरत है। जावरा क्षेत्र में तहसीलों के निरीक्षण में पाया गया कि कार्य अच्छा नहीं हो रहा है, सुधार की जरूरत है, पेंडेंसी ज्यादा पाई गई है। कलेक्टर ने कहा कि राजस्व न्यायालयों में अधिकतर समान प्रवृत्ति के प्रकरण आते हैं जिनके निराकरण में अधिक समय लगने की गुंजाइश नहीं रहती है परंतु निरीक्षण में पाया गया है कि राजस्व न्यायालयों में प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक रूप से देरी की जा रही है जो उचित नहीं है, आमजन के हित में भी ठीक नहीं है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी तहसीलदार अपने कार्य की स्वयं मॉनिटरिंग करें, देखें कि पत्रों का उचित जवाब दिया गया है अथवा नहीं। पटवारी द्वारा रिपोर्ट समय पर आई है अथवा नहीं। तहसीलों में प्रकरणों का निपटान समय सीमा के साथ गुणवत्ता से होना चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि तहसीलदार को पता होना चाहिए कि उनका कोई पटवारी आवश्यकता की स्थिति में कहां मिलेगा।